हस्तिनापुर कस्बे से भद्रकाली मंदिर की ओर जाने वाले मध्य गंग नहर के किनारे बना मुख्य मार्ग इन दिनों गंभीर खतरे की स्थिति में है। सड़क के किनारे कई स्थानों पर गहरे गड्ढे और खाइयां बन गई हैं, जिनमें से कुछ इतनी बड़ी हो चुकी हैं कि जरा सी असावधानी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय यदि कोई बाहरी व्यक्ति गाड़ी लेकर उधर से निकले और साइड देने के चक्कर में गाड़ी का टायर थोड़ा भी किनारे की ओर मोड़े, तो सीधा नहर में गिरने का खतरा है। लगातार बारिश के चलते ये गड्ढे और भी गहरे और चौड़े होते जा रहे हैं। इसके बावजूद अब तक न तो पीडब्ल्यूडी और न ही सिंचाई विभाग की ओर से किसी प्रकार की मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यह मार्ग न केवल श्रद्धालुओं के लिए मुख्य संपर्क है, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी जीवनरेखा जैसा है। ऐसे में प्रशासनिक उदासीनता से नाराज़गी बढ़ती जा रही है।