मेरठ में किराये की दुकान को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गये। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के उपर जानलेवा हमला किया। जिसकी शिकायत लेकर पीड़ित पक्ष एसएसपी ऑफिस पहुंचा और आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। पीड़ित पक्ष से मीना शर्मा ने बताया कि वो सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हनुमानपुरी में रहती हैं और एक किराये की दुकान पर किराना स्टोर चलाती हैं। पीड़िता ने बताया कि उनकी किराये की दुकान को लेकर दुकान मालिक से कोर्ट में केस चल रहा है, जिसमें उनको अभी स्टे मिला हुआ है। आरोप लगाया कि 14 जून को दुकान मालिक के बेटे प्रियांशु ने उनकी दुकान पर आकर बदसलूकी की और दुकान से सामान फेंकना शुरू कर दिया, जिसका विरोध करने पर आरोपी प्रियांशु ने उनसे और उनकी बेटी से मारपीट शुरू कर दी और यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता मीना शर्मा ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में भी की, लेकिन थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद सोमवार को वो अपने परिजनों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। जहां उनके परिजनों ने हंगामा करते हुए मामले में कार्रवाई करने की मांग की। एसएसपी ऑफिस पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और मामले में कार्यवाही का आश्वासन दिया।