दौराला के दादरी गांव में तालाब की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 अवैध मकानों को ध्वस्त करा दिया। अभियान के दौरान तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। सरधना उपजिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने बताया कि तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिए गए थे। प्रशासन की ओर से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। बुलडोजर की सहायता से 21 अवैध निर्माणों को हटाकर तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।