मेरठ। दौराला के सरसवा गांव में बिना अनुमति आम के आठ पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया गया कि गांव निवासी किसान दीपक द्वारा अपने खेत में खड़े आम के पेड़ों को कटवा दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेंजर सरधना प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि बिना अनुमति पेड़ काटना नियमों का उल्लंघन है। मामले में संबंधित किसान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पेड़ों की अवैध कटाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।