मेरठ में सोमवार को इंडियन नेशनल कांग्रेस की जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष गौरव भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एलपीजी गैस सिलेंडर, सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है और घरेलू खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया और प्रशासनिक अधिकारी को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।