मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र के बक्सर टेम्पू स्टैंड पर मिठाई कम देने का विरोध करने पर दुकानदार और कारीगरों द्वारा ग्राहकों के साथ मारपीट करने के मामले में घायलों के पक्ष में गुर्जर समाज ने हुंकार भर दी है। राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को गुर्जर समाज के पदाधिकारी पीड़ित के घर जाएंगे और पुलिस से भी इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाएंगे। साथ ही पुलिस की तरफ से सख्त कार्रवाई ना करने पर पंचायत करने की भी चेतावनी दी है।