मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। मेरठ जिले में इस बार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान पर कब्जा जमाया। सरधना स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा अदीबा बुशरा ने हाईस्कूल परीक्षा में 95.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होते ही छात्राओं के घरों और स्कूलों में जश्न का माहौल रहा। शिक्षकों ने छात्राओं की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता को बेहतर शिक्षण व्यवस्था और छात्रों की निरंतर मेहनत का परिणाम बताया। इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक आयोजित की गई थीं, जबकि 18 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हुआ था। विद्यालय की प्रधानाचार्य सिस्टर मीना नायडू ने अदीबा बुशरा की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।