मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के कालन्दी गांव में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए झगड़े और फायरिंग के मामले में पुलिस ने 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों पक्षों से इन 25 आरोपियों को पकड़ा है। तहरीर में दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एक राय होकर लाठी-डंडे, धारदार हथियार, लाईसेंसी असलहा और अवैध हथियार से लैस होकर वादी और उसके परिवारजन के उपर जान से मारने की नियत से फायरिंग करने का आरोप लगाया था। वहीं पुलिस ने आरोपियों के कब्ज़े से तमंचा, कारतूस, लाइसेंसी शस्त्र समेत कई धारदार हथियार और कार बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्यवाही की।