मऊ में एचआईवी और टीवी के प्रति जन जागरूकता के लिए युवाओं ने मंगलवार को आयोजित यूथ फेस्ट रेड रन मैराथन प्रतियोगिता में दौड़ लगाई। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले युवाओं को चेक और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी एवं जिला एड्स समन्वय समिति के तत्वावधान में यूथ फेस्ट कार्यक्रम के तहत जिलास्तरीय रेड रन मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता मिर्जाहादीपुर चौक से जीवनराम इंटर कॉलेज खेल मैदान तक आयोजित हुई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एचआर सोनी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। प्रतियोगिता में 10 महाविद्यालयों के लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्र वर्ग में प्रथम स्थान विद्या सागर, द्वितीय धीरज कन्नौजिया और तृतीय स्थान सत्यम निषाद ने प्राप्त किया। राहुल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। छात्रा वर्ग में प्रथम स्नेहा, द्वितीय अर्चना यादव और तृतीय मनीषा यादव रहीं। शिवांगी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रथम स्थान पाने वाले को 2500, द्वितीय 2000, तृतीय 1500 रुपये और सांत्वना पुरस्कार के रूप में 500 की धनराशि और प्रशस्तिपत्र दिया गया। डॉ. एचआर सोनी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जिससे युवा वर्ग को एचआईवी-एड्स और टीबी के संबंध में सही जानकारी मिल सके और इनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जा सके। दिशा के सीपीएम नागेंद्र पांडेय ने प्रतिभागियों को बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान देव भूषण, वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन अविनाश सिसोदिया, वीरेंद्र वर्मा, उदय भान सिंह, विपिन सिंह, आनंद राय, दीपक मौर्य, अजीत सिंह आदि लोग मौजूद रहे।