मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत जमीन बरामदपुर मुहल्ले के लोग गुस्सैल सांड़ के उत्पात से लोग परेशान हैं। बुधवार की सुबह से दोपहर तक उसके हमले से तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में भर्ती कराया गया। मुहल्ले के वृद्धाश्रम में रहने वाले विनोद को पटक दिया, जिससे वो जख्मी हो गए। राह चलते लोगों पर सांड़ का हमला करते हुए एक युवक ने वीडियो बना लिया। मुहल्ले के जयभीम, राजेश, अनंत, इब्राहिम और अशोक ने बताया कि गुस्सैल सांड़ सब्जी मंडी, जमीन बरामदपुर, कैलेंडर तिराहा और बरामदपुर मोड़ के आसपास घूमता रहता है। सांड़ सड़क किनारे शांत खड़ा रहता है और वहां से गुजर रहे राहगीरों पर अचानक हमला कर देता है। कई बार लोगों को दौड़ाते हुए घर के अंदर तक पहुंच गया था। अधिशासी अधिकारी देवेश मिश्र ने बताया कि इस तरह की अभी तक किसी ने शिकायत नहीं की थी। गुस्सैल सांड़ को पकड़वाकर गोशाला भेजवाया जाएगा।