मऊ के भटनी वाराणसी रेलमार्ग पर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से पहले रविवार की सुबह 7.15 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। सिंगल लाइन होने से दोनों तरफ आठ ट्रेनें जहां तहां रोक दी गई थीं, इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। रोज सुबह आजमगढ़ से वाराणसी सिटी चलने वाली आजमगढ़ वाराणसी सिटी मेमू (65109) रविवार की सुबह 6.35 बजे मऊ जंक्शन के लिए निकली। लेकिन 19 किमी दूर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से एक किमी पहले 7.15 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। मऊ से दुल्लहपुर तक सिंगल लाइन होने से लगभग तीन घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया।