बन तहसील बार के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को भी एसडीएम के खिलाफ आंदोलन जारी रखा। न्यायिक कार्यों का बहिष्कार करते हुए एसडीएम की बुद्धि और तहसील के शुद्धिकरण के लिए तहसील परिसर स्थित मंदिर पर हवन पूजन किया। इससे पहले सोमवार को एसडीएम हटाइए, मधुबन बचाइए का नारा लगाते हुए जुलूस निकाला था। अधिवक्ताओं का कहना था कि एसडीएम की मनमानी और भ्रष्टाचार कार्यों को लेकर बुद्धि व शुद्धिकरण के लिए ये पूजन किया गया है। यदि एसडीएम का स्थानांतरण नहीं होता है तो आगे भी उनका आंदोलन जारी रहेगा। तहसील बार के अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम के द्वारा न्यायिक कार्य की गरिमा का पालन नहीं किया जा रहा है। विधिक प्रक्रियाओं को पालन न करते हुए पत्रावालियों को अनियमित तरीके से पारित किया जा रहा है। हमारी मांग है कि एसडीएम मधुबन का यहां से स्थानांतरण किया जाय और अब तक जारी सभी पत्रावालियों को तलब कर उनकी न्यायिक समीक्षा की जाय। इस दौरान तहसील बार के मंत्री वीरेंद्र यादव, सत्यराम यादव, अविनाश मल्ल, अश्वनी कुमार मिश्रा, जितेंद्र यादव, संतोष तिवारी, आनंद त्रिपाठी, धनंजय पाठक, तुंगनाथ चौबे, रणधीर यादव, विनोद मल्ल, योगेश चौबे, अमरेश मिश्रा और रामेश्वर मल्ल आदि अधिवक्ता मौजूद थे।