मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के रसूलपुर आदमपुर उर्फ रामपुर में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया जब रसोई गैस सिलिंडर में चूल्हे का पाइप लगाते समय ब्लास्ट हो गया। रसूलपुर आदमपुर उर्फ रामपुर निवासी कलीमुद्दीन के पुत्र सद्दाम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गैस सिलिंडर को चूल्हे में लगा रहा था कि अचानक उसमें रिसाव शुरू हो गया। रिसाव देख सिलेंडर को रसोई से बाहर निकाला। दरवाजे के बाहर रखते ही सिलिंडर में ब्लास्ट हो गया। अचानक धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। ब्लास्ट से घर में लगीं खिड़कियां टूट गईं।