सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की 22 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के गठन के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल हुआ। नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष और महामंत्री सहित विभिन्न पदों पर कुल 23 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन मंगलवार को भी दाखिल होगा। सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन एल्डर कमेटी व चुनाव संचालन समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दरोगा सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार सिंह और गौरीशंकर पांडेय ने नामांकन किया। वहीं महामंत्री पद के लिए ज्ञानेंद्र पांडेय और लोकेश कुमार मिश्रा ने नामांकन दाखिल किया। साधारण उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए अमित कुमार शर्मा और राजेश कुमार राय तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए रवि कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार यादव और गौरव पांडेय ने नामांकन दाखिल किया। संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए रजनी सिंह, नितिश भारद्वाज, रमेश कुमार ने नामांकन दाखिल किया। छह सदस्यीय वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए सुखराम चौहान, अनवर अली, उमेश चंद, तनवीर अहमद, प्रमोद कुमार रावत और विजय बहादुर पाल ने नामांकन दाखिल किया। वही छह सदस्यीय कनिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए सत्येंद्र कुमार खरवार, सर्वेश प्रजापति, अंकुश सिंह, और मोहम्मद इमरान अंसारी ने नामांकन दाखिल किया। चुनाव अधिकारी मुहम्मद एकबाल ने बताया कि प्रत्याशी मंगलवार को भी नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन को लेकर कचहरी परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही।