चौमुहाँ (मथुरा)।थाना जैंत क्षेत्र के नगला जाटान गांव में सोमवार रात पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक नामजद युवक और दो अज्ञात लोगों ने चंद्रपाल पर तीन फायर किए। इनमें से दो गोलियां चंद्रपाल के बगल और बाएं हाथ में लगीं। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर एक नामजद समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नगला जाटान निवासी विजय सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 8:45 बजे उनके भाई चंद्रपाल पर गांव के ही अजीत पुत्र विजय सिंह और दो अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो चंद्रपाल को लग गईं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को पीड़ित के भाई विजय सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना जैंत में अजीत और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ सदर वरुण मिश्रा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में भी पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।