बिहार पंचमी पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को वृंदावन में ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के 482वां प्रादुर्भावोत्सव परम्परागत वैभव और दिव्य उल्लास के साथ मनाया गया। जहां एक ओर बांकेबिहारी मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर को गुब्बारों से सजाया गया था तो निधिवनराज मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा में कुंजबिहारी श्री हरिदास गूंजता रहा और लोग झूमते गाते रहे। निधिवनराज मंदिर में बिहारी जी के प्रागट्यस्थल पर दूध, दहीख, घी, शकर्रा और दिव्य जड़ी बूटियों के महाभिषेक के बाद आरती करने के बाद श्रीस्वामी हरिदास जी महाराज की भव्य सवारी निकाली गई। अनेक प्रसिद्ध बैंड, झाकियों और नृत्यदल ने इस शोभायात्रा को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। दोपहर राजभोग आरती से ठीक पूर्व सवारी बांकेबिहारी मंदिर पहुंची। जहां सुगंधित पुष्पों, वस्त्रों और गुब्बारों से सजे मंदिर परिसर में परंपरानुसार पीठाधीश्वर आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी महाराज ने अगवानी आरती उतारी तथा भगवान को मोहनभोग और पंचमेवाओं का विशेष भोग अर्पित किया। ठाकुर जी ने स्वामी हरिदास जी संग राजभोग प्रसाद ग्रहण किया। बताया कि यह उत्सव प्रागट्यकाल से ही मनाया जाता रहा है, परंतु 1955 में इसका नवीनीकरण होने के बाद यह ब्रज का सर्वप्रमुख आयोजन बन चुका है। उन्होंने बताया कि विगत 70 वर्षों में भव्यता निरंतर बढ़ी है जहां कभी स्वामी हरिदास जी की छवि को पीले शनील वस्त्रों वाले लकड़ी के डोले में कंधों पर उठाकर लाया जाता था,वहीं वर्तमान में चांदी के रथ में विराजमान कर सवारी निकाली जाती है। मंदिर के इतिहास पर दृष्टि डालें तो पिछले सौ वर्षों में सेवायतों और भक्त-सेवकों ने मंदिर के पर्व-त्योहारों को भव्य स्वरूप प्रदान करने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। 1955 में तत्कालीन छठी प्रबंध समिति के अध्यक्ष बाबूराम यादव और सदस्यों द्वारा निधिवन से मंदिर तक शोभायात्रा प्रारंभ की गई जो आज ब्रज की सबसे विशिष्ट परंपरा बन चुकी है।