मथुरा के छाता में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन आयोग मथुरा के जिला प्रधान अधिकारी सुभाष सिंह ने टीम के साथ छाता तहसील क्षेत्र में स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई फैक्टरियों में पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के गंभीर मामले सामने आए। जिला प्रधान अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि कृष्णा तार प्रोडक्ट और गिन्नी फ्लाईमेट समेत कई इकाइयों में गंभीर पर्यावरणीय अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के समय कुछ फैक्टरियों में प्रदूषित जल का भराव पाया गया, जबकि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थीं। एक इकाई में प्रदूषण ट्रीटमेंट यूनिट (ईटीपी) जली हुई अवस्था में मिली। इससे पर्यावरण नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है। निरीक्षण के दौरान संबंधित फैक्टरी प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए और पर्यावरण नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। जिला प्रधान अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय नियमों का पालन न करने वाली इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद तैनात रहा।