कोसीकलां। जनगणना 2027 को लेकर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को नगर पालिका में आयोजित कार्यक्रम में किट,नियुक्ति पत्र दिए गए। एसडीएम/ अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार ने सभी सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों से ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना पूर्ण कराई जाए और निर्धारित 33 बिंदुओं की जानकारी सही ढंग से अपडेट करवाई जाए। एसडीएम ने बताया कि स्व-गणना अभियान 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोग घर बैठे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से जनगणना संबंधी विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों की ओर से ऑनलाइन दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन प्रगणक की ओर से घर-घर जाकर किया जाएगा, ताकि सूचनाओं की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षक को नियुक्ति पत्र, आईडी कार्ड एवं एचएलभी का 10 पेज का सेट उपलब्ध कराया जा रहा है। यहां कुल 132 प्रगणकों एवं 22 पर्यवेक्षक को कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। सभी 154 गणना कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए गए है।