पेपर का स्तर सामान्य था लेकिन करंट अफेयर्स के कुछ सवालों ने समय लिया। ये कहना था पीईटी परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों का। उन्होंने प्रश्न पत्र के स्तर को सामान्य से मॉडरेट बताया। कानपुर से आए छात्र ने बताया कि गणित, हिंदी और रीजनिंग के सवाल आसान थे। पिछले वर्षों की तुलना में पेपर में ज्यादा बदलाव नहीं दिखा। झांसी के अभ्यर्थी ने बताया कि जीएस और 2025-2026 के करंट अफेयर्स के 4-5 प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया। रविवार दोपहर को पीईटी परीक्षा- 2026 के तीसरे चरण की पहली पाली सम्पन्न हुई। जिले के 33 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। इसमें दोनों पालियों में कुल 28272 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रति पाली 14136 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे की सम्पन्न हो चुकी है। द्वितीय पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक रहेगी।