मथुरा के फरह में भारत के डेयरी विकास के शिल्पकार डॉ. वर्गीस कुरियन की जयंती पर 26 नवंबर को फरह के गांव करनपुर में अमूल की यूनिट पर सरदार पटेल सहकारी डेयरी फेडरेशन लिमिटेड द्वारा राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विशेषज्ञों, दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने डॉ. कुरियन के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सहकारिता पर आधारित अमूल मॉडल विकसित कर देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अंतर्गत सहकार जागृतता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. कुरियन के दुग्ध उत्पादक ही मालिक वाले दर्शन को समाज तक पहुंचाना और सहकारी दुग्ध व्यवसाय के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के तहत दुग्ध उत्पादकों ने संकल्प लिया कि उनके गांवों में ग्राम दुग्ध सहकारी समितियों का गठन करके उसे सम्बद्ध किया जाएगा। इससे उन्हें अमूल मॉडल के अंतर्गत मिलने वाले लाभ जैसे दूध का उचित और पारदर्शी मूल्य, चारा एवं पोषण सहायता, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, वित्तीय और तकनीकी सहायता इत्यादि प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑर्डिनेटर विवेक शर्मा, अवशीतन केंद्र प्रभारी विपुल कुमार, प्लांट ओनर कमल उपाध्यय, राकेश एवं समस्त डेरी कर्मचारी उपस्थित रहे।