छाता, मथुरा। क्षेत्र की बंद पड़ी शुगर मिल को पुनः चालू कराए जाने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिक परिसर के बैनर तले छाता चीनी मिल के मुख्य गेट पर चल रहा धरना-प्रदर्शन लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आंदोलन के समर्थन में अब राजनीतिक दल भी उतर आए हैं। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेता लोकमणिकांत जादौन और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता जगदीश सुपानिया धरना स्थल पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने आंदोलनकारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए सरकार और प्रशासन से मिल को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की। धरना स्थल पर लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए आंदोलन के व्यापक होने के आसार नजर आ रहे हैं। जानकारों का मानना है कि यदि इस आंदोलन से क्षेत्र के किसान बड़े पैमाने पर जुड़ जाते हैं, तो यह प्रदर्शन एक बड़ा और उग्र रूप धारण कर सकता है।