मथुरा हाईवे थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम को पाली खेड़ा के नजदीक बाइक सवार मां-बेटे को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से दोनों घायल हो गए। बेटा मां को लेकर अस्पताल पहुंचा, यहां महिला ने दम तोड़ दिया। हाईवे थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि बलदाऊ सिटी निवासी सुशीला (45) अपने बेटे शनि के साथ बाइक से बृहस्पतिवार को बाजार से लौट रही थीं। पालीखेड़ा के समीप एक स्कूल के सामने ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिला बाईक से उछलकर हाईवे पर गिर गई। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। घायल होने के बाद भी बेटा अपनी मां को लेकर निजी हॉस्पीटल पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया। मृतक के पुत्र सनी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपनी मां के साथ गैस चूल्हे का पाइप लेकर बाजार से लौट रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें उनकी मां की जान चली गई।