फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: पांच घंटे तक बरसते रहे इंद्रदेव, नहीं डिगी ब्रजयात्रियों की आस्था

आसमान से बरसती बारिश, रास्तों पर बहता पानी और लगातार पांच घंटे तक भीगता ब्रजयात्रियों का कारवां... लेकिन न कदम रुके और न ही श्रीराधा नाम का संकीर्तन थमा। इंद्रदेव की वर्षा भी ब्रज की रज में रम चुके श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति को कम नहीं कर सकी, बल्कि उसके आगे नतमस्तक हो गयी । हरिनाम संकीर्तन की धुन पर नाचते-गाते राधारानी ब्रजयात्री बारिश को भी मानो ठाकुर जी की कृपा मानकर आगे बढ़ते रहे। नंदगांव से विदा हुई ब्रजयात्रा पांच घंटे तक वर्षा में भीगते हुए कामर गांव स्थित अपने अगले पड़ाव पर पहुंची तो श्रद्धालुओं के चेहरों पर थकान नहीं, बल्कि भक्ति का उल्लास ही दिखाई दे रहा था। ब्रजभूषण पद्मश्री संत रमेश बाबा महाराज की प्रेरणा से संचालित राधारानी ब्रजयात्रा शुक्रवार को नंदगांव से अगले पड़ाव कामर के लिए रवाना हुई। यात्रा ने जैसे ही आगे बढ़ना शुरू किया, वर्षा का प्रकोप भी शुरू हो गया। देखते ही देखते बारिश तेज हो गई, लेकिन हजारों कदमों के साथ बढ़ रहे श्रीराधा नाम संकीर्तन की गति कम नहीं हुई। श्रद्धालु लगातार पांच घंटे तक बारिश में भीगते हुए पैदल 19 किलोमीटर तक चलते रहे। भजन-कीर्तन और नृत्य में ऐसे मग्न हुए कि बारिश की बूंदें भी उनकी भक्ति के आगे उत्सव का हिस्सा बन गईं। कामर पहुंचने पर यात्रियों के मुख से यही भाव निकला कि यह ठाकुर श्रीबिहारी लाल और बाबा महाराज की कृपा ही है, जो इतनी लंबी पदयात्रा और लगातार बारिश के बावजूद किसी के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। यात्रा के कामर पहुंचने से पहले बेमौसम बारिश ने पड़ाव की व्यवस्थाओं को भी प्रभावित किया। तेज बारिश के चलते यात्रियों के ठहरने के लिए लगाए गए पांडाल और तंबू धराशायी हो गए। ऐसे में ब्रजयात्रियों ने कामर गांव के मोहनजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों, विद्यालयों और धर्मशालाओं में शरण ली। प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद यात्रियों का उत्साह बना रहा और स्थानीय ब्रजवासियों ने उनके ठहरने की व्यवस्था में सहयोग किया। संकट की इस घड़ी में ब्रजवासियों के अद्भुत सहयोग और उनके प्रेम को देखकर ब्रजयात्री गदगद हो उठे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मोती कुंड, फुलवारी कुंड, गेंदोखर, गान वन सहित खिटावटा, कदोना और सिरथला के दिव्य लीला स्थलों के दर्शन किए। खिटावटा में ब्रजवासियों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और फल वितरण कर यात्रियों का भावपूर्ण स्वागत किया। वहीं कामर के ब्रजवासियों ने बारिश के बीच यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था संभाली।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें