मथुरा। परिवहन निगम में महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “महिला सीट पर पुरुषों का कब्जा” अभियान का असर शनिवार को स्पष्ट रूप से देखने को मिला। अभियान का संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने एआरएम मदन मोहन शर्मा के माध्यम से मथुरा डिपो के सभी स्टैंड पर तैनात स्टेशन इंचार्जों तथा चालक-परिचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि महिला आरक्षित सीट पर केवल महिलाओं को ही बैठाया जाए। यदि किसी बस में महिला खड़ी है और महिला आरक्षित सीट पर कोई पुरुष बैठा पाया जाता है, तो उसे तत्काल उठाकर महिला को सीट दिलाई जाए। आदेशों का पालन न करने पर संबंधित चालक-परिचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।