मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र के गांव अडींग में भारी बारिश के कारण हालात बदतर हो गए हैं। गांव के सेहरा पाइसा मोहल्ले में स्थित अंतिम संस्कार स्थल पूरी तरह से जलमग्न हो गए। खेत-खलिहान से लेकर अंतिम संस्कार स्थलों तक हर जगह पानी भर गया है। बुधवार को इसी गांव के एक युवक की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई। परिजन उसकी अंतिम यात्रा के लिए अर्थी लेकर निकले तो पानी में होकर गुजरना पड़ा। अंतिम संस्कार स्थल तालाब में तब्दील हो चुका था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कई बार इस स्थल की ऊंचाई बढ़ाने और जल निकासी की व्यवस्था की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, जिससे अंतिम संस्कार के दाैरान दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।