छाता। बंद पड़ी छाता शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले गुरुवार को क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ हल्लाबोल किया। किसानों की यह आक्रोश रैली चौमुंहा से शुरू होकर अकबरपुर और सेमरी होते हुए नेशनल हाईवे स्थित छाता शुगर मिल पहुंची। हाथों में झंडे और नारेबाजी करते हुए किसानों ने मिल परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। किसान नेताओं का कहना है कि मिल बंद होने से हजारों परिवार दाने-दाने को मोहताज हैं।