मैनपुरी के कचहरी रोड से मोहल्ला रामबाग को जाने वाला प्राचीन जर्जर गेट रविवार की दोपहर अचानक धराशायी हो गया। इस दाैरान राहगीरों की बाल-बाल जान बची। ये गेट आजादी से पहले का बना हुआ है। यह गेट काफी समय से जर्जर था। गेट के पास में ही एक बेसमेंट का निर्माण कराया जा रहा था। दो दिन पहले हुई बरसात से इस बेसमेंट में पानी भर गया था। इसके चलते पास में ही बना गेट और जर्जर हो गया । रविवार की दोपहर कुछ लोग यहां से निकल ही थे कि अचानक प्राचीन जर्जर रामबाग का गेट धराशायी हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर गेट के संबंध में कई बार नगर पालिका प्रशासन को जानकारी दी गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।