मैनपुरी के करहल में नगला कुरियन में हुई ट्रैक्टर चोरी की वारदात का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा किया, चोरी के दो ट्रैक्टर सहित दो चोर भी पकड़ कर जेल भेजे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दो अन्य साथियों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। छह जुलाई को नगला कुरियन निवासी भुवनेश कुमार के घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया था। बुधवार रात एक सूचना पर बुझिया नहर पुल से तखरऊ मार्ग नहर पटरी के पास से दो चोरों को गिरफ्तार किया गया। थाने लाकर पूछताछ करने पर अपने नाम मंतोष यादव निवासी गांव भजना थाना एका फिरोजाबाद और अब्बास अली निवासी बैठला थाना गढ़ी संभल बताया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद किए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में चोरों ने बताया कि चोरी में उनके साथ विश्राम सिंह निवासी दरियापुर थाना करहल और लालू उर्फ अजय उर्फ प्रदीप निवासी पिलख्तर थाना फरिहा फिरोजाबाद भी शामिल थे। उन्होंने बरनाहल क्षेत्र से भी ट्रैक्टर चोरी किया है।