लखीमपुर खीरी जिले में होने वाले निर्माण कार्यों के शिलापट पर न तो सांसदों का नाम लिखा जाता न ही उनको कार्यक्रम व शिविरों की जानकारी दी जाती है। अफसरों के इस रवैये पर धौरहरा के सपा सांसद आनंद सिंह भदौरिया बुधवार को भड़क गए। बोले, क्या हम पाकिस्तान के सांसद हैं, जो कोई सूचना नहीं देते हैं, आप लोग। सांसद ने कहा कि सरकार तो आती-जाती रहती है, लेकिन पक्ष का हो या विपक्ष का, सांसद तो सांसद होता है। सांसद आनंद सिंह भदौरिया और खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने जिला प्रशासन के साथ ही सभी अफसरों से सख्त लहजे में कहा कि अब आगे से कोई भी कार्यक्रम या शिविर होंगे, उनकी सूचना देनी होगी। शिलापटों पर नाम लिखने होंगे।