लखीमपुर खीरी के मुराउनपुरवा गांव में रविवार दोपहर गन्ने की पराली जलाने से बड़ा नुकसान हो गया। गांव निवासी किसान शिवनारायण द्वारा खेत में पराली जलाए जाने के दौरान आग बेकाबू हो गई, जिससे आसपास के खेतों में खड़ी गन्ने की फसल चपेट में आ गई। आग से बेदनाथ का चार बीघा, जमुना का तीन बीघा और बेदनारायण का दो बीघा गन्ना पूरी तरह जल गया। परसा गांव निवासी राजेंद्र, दिनेश और पेशकार का एक-एक बीघा गन्ना भी नष्ट हो गया। इस तरह कुल सात किसानों का करीब 11 बीघा गन्ना जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित किसानों ने नुकसान की भरपाई की मांग की है। एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया पराली जलाने वाले के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।