लखीमपुर खीरी जिले में शारदा नदी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। निघासन तहसील क्षेत्र के ग्रंट नंबर 12 गांव में कटान ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। बीते 13 दिन में गांव के नौ मकान और एक प्राचीन शिव मंदिर नदी में समा चुका है। खेत-खलिहान तो पहले ही नदी की भेंट चढ़ गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि शारदा की लहरें पलक झपकते ही खेत और घर को निगल रही हैं। दिन-रात डर का साया मंडरा रहा है।