लखीमपुर खीरी। नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित ऐतिहासिक दशहरा मेला-2026 के सातवें दिन बृहस्पतिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में जवाबी कव्वाली का आयोजन किया गया। कव्वाल साबिर अली और मुस्कान की जवाबी कव्वाली की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक-दूसरे के जवाब में पेश किए गए कलाम और सुरों की जुगलबंदी ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। मेला परिसर देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट और वाहवाही से गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री हाजी डाॅ. आरए उस्मानी और विशिष्ट अतिथि रिजवान रशीद, सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल मन्नान उस्मानी, वक़्फ बोर्ड कमेटी चेयरमैन अनस रशीद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर की सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। महराजनगर के गुफरान खान, हाथीपुर कोठार के गुड्डू भाई, भोले शंकर, केपी वर्मा, महेश नाथ, पवन वर्मा, राम रमेश और विनय कुमार मिश्रा को विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री हाजी डाॅ. आरए उस्मानी ने कहा कि यह मेला लखीमपुर की सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को एक मंच पर लाने के साथ ही लोगों के बीच आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, ईओ संजय कुमार, मेला अधिकारी समरा सईद, सभासद रविंद्र रावत, नीलम रस्तोगी, समीम बानो आदि सभासद व कर्मचारी मौजूद रहे।