लखीमपुर खीरी में मतदान को लेकर गजब का उत्साह है। तिकुनिया की ग्राम पंचायत सूरत नगर के मजरा गांव चौगुर्जी के मतदाताओं ने मतदान करने को लेकर बड़ा संदेश दिया। सड़क और पुल न होने के बावजूद गांव के लोग नदी पार कर मतदान करने पहुंचे। मजरा गांव चौगुर्जी का पोलिंग बूथ टांडा में है। दोनों गांव के बीच में शारदा नदी बहती है। टांडा आने के लिए न पुल है और न ही सड़क। इसके चलते ग्रामीण नाव से नदी पार कर पोलिंग बूथ पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले के प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर कोन के गेट पर बारिश से जलभराव हो गया। पानी से गुजरकर मतदाता मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। वहीं शाहजहांपुर में 66 वर्षीय नेत्रहीन उमाकांत अवस्थी अपने हेल्पर सोनू के साथ वोट डालने पहुंचे।