लखीमपुर खीरी के मझगईं थाना क्षेत्र के ग्राम हुलासीपुरवा निवासी गैंगस्टर रामचंद्र की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में बुधवार को परिजनों ने मांगें पूरी होने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया। मृतक रामचंद्र के भाई दिनेश ने बताया कि 18 साल की उम्र तक मृतक के बेटे अमर और समर को चार हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, रामचंद्र की पत्नी को आंगनबाड़ी में नौकरी और कृषक दुर्घटना बीमा के पांच लाख रुपये, भाजपा की तरफ से चार लाख, सपा के पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा, बसपा के मनमोहन मौर्य की तरफ से आर्थिक सहायता परिवारवालों को दी गई। विधायक शशांक वर्मा ने मझगईं प्रभारी निरीक्षक पर कार्रवाई का भी आश्वासन दिया है। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।