लखीमपुर खीरी में बुधवार सुबह पूरे जिले में बादल छा गए। नौ बजे से निघासन और अन्य स्थानों पर बारिश शुरू हो गई। सुबह 10 बजे के बाद शहर व खीरी में बारिश होने लगी। रिमझिम बारिश ने लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत दी है। करीब एक सप्ताह से जिले के लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। बिजली कटौती भी लोगों को रुला रही है। वहीं बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। बारिश के कारण पलिया भीरा मार्ग पर एक बार फिर पानी का बहाव तेज हो गया। हालांकि बनबसा बैराज से अभी पानी की रिलीजिंग ज्यादा नहीं हो रही है, जिसके कारण अभी गांव में पानी घुसने का खतरा नहीं है। पलिया भीरा मार्ग पर अतरिया पुलिया के आगे से पानी बह रहा है। प्रेमनगर के पास पानी की धार भी तेज है और यहां करीब एक फीट तक पानी है।