लखीमपुर खीरी में एक बार फिर बाढ़ ने तबाही मचाई है। पलिया, बिजुआ, निघासन, धौरहरा इलाके के करीब 200 गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। लोग छतों, सड़कों और अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हैं। प्रशासन की ओर से खाने के पैकेट तो पहुंचाए जा रहे हैं, लेकिन बच्चों को दूध और अन्य आवश्यक वस्तुएं नहीं मिल पा रही हैं। उधर, पानी के तेज बहाव से पलिया-भीरा मार्ग कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। अतरिया के आगे पड़ने वाली पुलिया को भी शारदा नदी ने फिर से काट दिया है। अब पानी तेज धार के साथ पुलिया पर बहने लगा है। मार्ग कटने से पलिया का भीरा से संपर्क कट गया है। पुलिया के आगे अभी भी करीब एक किलोमीटर तक पानी सड़क पर तेज बहाव के साथ बह रहा है। अतरिया में सड़क किनारे रहने वाले लोग बाढ़ आने से ऊंचे पर बसेरा बनाए हैं। कुछ ग्रामीण पंचायत घर की छत पर डेरा जमाए हैं।