एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जमाने में सोशल मीडिया का उपयोग बढ़ा है। ऐसे में अपनी निजी फोटो और वीडियो किसी अनजान के साथ साझा करने से बचें। अगर यह गलती किन्ही कारणों से होती भी है तो तत्काल इसकी सूचना 1090 पर दें ताकि समय रहते हुए उचित कार्रवाई की जा सके। इस नंबर पर कॉल करते ही पुलिस आपकी सहायता में लग जाएगी। यह बातें अमर उजाला की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महिला थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला ने गांधी विद्यालय की छात्राओं को बताई। छात्राओं को महिला थाने की कार्यशैली से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि अपराधियों से किसी भी तरह घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस आपकी दोस्त है यदि 1090 भूल भी जाएं तो 112 पर भी कॉल कर सकते हैं। इसके डायल करते ही पुलिस पांच मिनट के भीतर आपके पास होगी। थाना प्रभारी ने बच्चों को एक-एक पटल पर जाकर बारीकी से पुलिसिंग के बारे में बच्चों को रूबरू कराया। इसके साथ ही थाने पर किस तरह से काम किया जाता है इसके बारे में बताया। वहीं छात्राओं ने भी शिकायत आने पर कैसे मामले का निपटारा कराया जाता है इसको बारीकी से समझा। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आपको ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने निजी फोटो, वीडियो और पर्सनल जानकारियां साझा न करें। अगर गलती से ऐसा हो भी जाता है तो तत्काल साइबर थाने में शिकायत करें ताकि तुरंत एक्शन लिया जा सके। इस मौके पर थाने की सुमन चौहान, बबली पवार, रचना यादव के अलावा कॉलेज की शिक्षिका रूपा वर्मा व रेनू के अलावा छात्राओं में निवी वर्मा, राधिका, राधा कुमारी, नंदनी और काजल के साथ तमाम छात्राएं मौजूद रही।