लखीमपुर खीरी जिले में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। मझगईं वन रेंज के चौखड़ा फार्म में सोमवार रात 10 बजे के करीब दुधवा के जंगल से निकलकर आए हाथियों का झुंड कस्बा निवासी समीर पांडे के खेत में घुस आया। वहां फसल की रखवाली कर रहे भगवंतनगर गुलरा निवासी किसान राम बहादुर (55 वर्ष) पर एक हाथी ने हमला कर दिया और पैरों से कुचलकर उन्हें मार डाला। मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने भागकर अपनी जान बचाई। मंगलवार तड़के करीब चार बजे उनका शव गन्ने के खेत में मिला। उनकी एक आंख बाहर निकल आई थी। इस घटना से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग करते हुए शव को नहीं उठने दिया।