उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित दुधवा नेशनल पार्क के द्वार शनिवार को सैलानियों के लिए खोल दिए गए। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने पर्यटन सत्र का उद्घाटन किया। पहली शिफ्ट में सैलानियों को निशुल्क जंगल सफारी कराई गई। पर्यटन सत्र 15 जून 2026 तक चलेगा। दुधवा में इस बार 14 दिन पहले पर्यटन सत्र की शुरुआत हुई है। शनिवार सुबह नौ बजे से पूजा अर्चना शुरु होने के बाद वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने अधिकारियों के साथ पार्क के पर्यटन सत्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद पहले दिन निशुल्क जंगल सफारी पर जाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां सैलानियों के स्वागत को खड़े राजकीय हाथी को फल भी खिलाए गए।