लखीमपुर खीरी में अंत्योदय राशन कार्ड न बनाए जाने सहित विभिन्न बिंदुओं को लेकर दिव्यांगजनों ने कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार को धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। दिव्यांगों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन की सूचना पर अतिरिक्त एसडीएम अमिता सिंह मौके पर पहुंचीं, लेकिन दिव्यांगों ने ज्ञापन देने से मना कर दिया। बाद में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल खुद मौके पर पहुंचीं और दिव्यांगजनों से ज्ञापन लिया। दिव्यांगजनों ने कहा कि अंत्योदय राशन कार्ड बनाने में दिव्यांगों को कोई प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, उनको परेशान किया जा रहा है। रोडवेज बसों में दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक यात्रा की सुविधा नहीं दी जा रही। दिव्यांगजन को देखते ही बस चालक बस नहीं रोकते, जिससे दिव्यांगजन अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं। सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए दिव्यांगजनों को अनदेखा किया जाता है, जिससे दिव्यांगजनों का काउंटर अलग से बनाया जाए। कोई भी अधिकारी दिव्यांगजनों की बात सुनने को तैयार नहीं होता न ही सम्मानपूर्वक बैठाता है और न ही बात करता है। दिव्यांग आरक्षण के आधार पर मंडी समितियों में लाइसेंसधारी दिव्यांग भाई - बहन को आरक्षण का लाभ दिया जाए। भूमिहीन दिव्यांगों को ग्राम समाज व नवीन परती भूमि का आवासीय पट्टा किया जाए।