लखीमपुर खीरी में ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार पर जिलेभर के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा पाठ का दौर चलता रहा। शहर के सदर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर, विकास भवन के सामने स्थित मंदिर, राजापुर के वीर बाबा मंदिर तथा ओयल के गुलरीपुरवा स्थित मंदिर सहित जिले के तमाम मंदिरों में भक्तों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर शहर और कस्बों में जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर, सामाजिक संस्थाओं एवं सरकारी दफ्तरों में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। भंडारों में चना, शरबत, ठंडा पानी, पूड़ी-सब्जी और हलुआ आदि प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा। कई स्थानों पर देर शाम तक भक्तों की आवाजाही लगी रही और धार्मिक माहौल से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।