लखीमपुर खीरी में राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सोमवार देर शाम विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस भवन से शुरू हुआ मार्च महात्मा गांधी के कंपनी बाग स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने कहा कि उत्तराखंड में भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने पर सरकार ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में इसके विरोध में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने एफआईआर तत्काल वापस लेने और बदले की भावना से कार्रवाई बंद करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन आंदोलन का रूप लेगा।