लखीमपुर खीरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जंगलीनाथ मंदिर तक सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली। इस मौके पर पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। पूर्व सांसद ने नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मोहन चंद्र उप्रेती ने कहा कि यह पदयात्रा अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग तथा सरकार और मंदिर प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना के उद्देश्य से निकाली गई। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल, बलराम गुप्ता, दीपक बाजपेई, रवि तिवारी, पंकज शुक्ला, बाबूराम दीक्षित समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।