मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में शनिवार को शिव मंदिर कॉरिडोर की नींव रखी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पौराणिक शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा अर्चना की। आधारशिला रखने के बाद सीएम योगी ने पब्लिक इंटर कॉलेज स्थित स्वर्गीय राजेंद्र गिरी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि से पूर्व गोला गोकर्णनाथ बाबा का दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोला गोकर्णनाथ के पावन कॉरिडोर में जिनकी दुकान गई हैं, दुकान बनवाकर उन्हें विस्थापित किया जाएगा। जिनके आवास गए हैं, उन्हें आवास दिए जाएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल स्वर्गीय राजेंद्र गिरी स्टेडियम के मंच से ही 4500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें गोला गोकर्णनाथ की 1622 करोड़ की विकास परियोजनाएं शामिल रहीं।