सिविल सेवा दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जिले में एक अनोखा प्रयास शुरु किया है। 'जनता दर्शन ऐप' के नाम से लांच एक ऐप का उद्देश्य जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेज, सरल एवं पारदर्शी बनाना है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण में लगने वाले समय को काफी हद तक कम किया जाएगा। जहां पूर्व में शिकायतों के समाधान में लगभग 15 से 20 दिन का समय लगता था, वहीं अब नई व्यवस्था के तहत 3 से 5 दिनों के भीतर निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कहा कि ऐप के जरिए प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से शिकायतों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, त्वरित कार्रवाई एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी। किसी भी शिकायती पत्र को लेने के बाद ऐप में जैसे मोबाइल नंबर डाला जाएगा प्रार्थी के मोबाइल पर उसकी ओटीपी पहुंच जाएगी। यही प्रार्थी की रिसिविंग भी होगी।