कड़ा धाम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को सोमवार को कोखराज थाना क्षेत्र के करेंटी के पास बस ने साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 16 वर्षीय रामशरण पुत्र रामराज की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। कई अन्य को मामूली चोटें आई हैं।