कासगंज के गंजडुंडवारा में बाढ़ आपदा के लिहाज से कादरगंज का इलाका अत्यधिक संवेदनशील है। इसे देखते हुए एनडीआरएफ की टीम ने प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ कादरगंज पहुंचकर मॉकड्रिल का आयोजन किया। एनडीआरएफ के जवानों ने गंगा में डूबते व्यक्ति को बचाने का प्रदर्शन किया और ग्रामीणों को भी बचाव के तरीके बताए। टीम के जवानों ने नाव से गंगा में भ्रमण कर गहराई मापी और बाढ़ के दौरान आवश्यक वस्तुओं तथा बचाव के तरीकों पर ग्रामीणों का ध्यान केंद्रित किया। मॉकड्रिल के दौरान ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि बाढ़ की स्थिति में तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें, और राशन डीलर अपने यहां खाद्यान्न की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें। इस अवसर पर एसडीएम प्रदीप विमल, तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, तथा स्वास्थ्य विभाग व पुलिस टीम के सदस्य उपस्थित रहे।