कासगंज में सीएनआई सदर चर्च में क्रिसमस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 10 बजे विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ चर्च के पास्टर रेव्हरेंड रंजीत सिंह की ओर से प्रार्थना के साथ किया गया। इस अवसर पर पास्टर रंजीत सिंह ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म के महत्व पर विस्तार से प्रवचन दिया। उन्होंने बताया कि प्रभु यीशु का जन्म पापियों के उद्धार के लिए पवित्र आत्मा की ओर से हुआ था। उन्होंने अपने संदेश में शांति, प्रेम और भाईचारे की भावना को अपनाने पर विशेष जोर दिया। प्रवचन के दौरान पास्टर रंजीत सिंह ने कहा कि राजाओं के राजा प्रभु यीशु का जन्म होने के बावजूद उन्हें गौशाला में स्थान मिला। इससे हमें विनम्रता, सेवा और त्याग की सीख मिलती है। उन्होंने सभी से प्रभु यीशु द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया, जिससे पापों की क्षमा और आत्मिक शांति प्राप्त हो सके।