पतारा कस्बा स्थित कन्या जूनियर स्कूल में रविवार की रात चोर गेट का ताला नहीं तोड़ पाए तो गेट को आग से जलाकर हजारों का सामान चोरी कर ले गए। सुबह प्रधानाचार्य स्कूल पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने पतारा पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। प्रधानाचार्य वंदना ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके स्कूल में देर रात अज्ञात चोर घुस आए। चोरों ने प्रधानाचार्य कक्ष का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खोल पाए। जिसके बाद चोरों ने दरवाजा जला दिया। दरवाजा जलने के बाद चोर कमरे के अंदर रखे दो सिलेंडर, चीनी, नमकीन, चाय की पत्ती समेत कुछ कागजात उठा ले गए। जानकारी मिलने पर पहुंचे पतारा चौकी इंचार्ज ललित शर्मा ने प्रधानाचार्य से घटना की जानकारी जुटाने के साथ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना मिली थी, घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।