नवीन गंगा पुल पर रविवार को सुबह व शाम एक-एक घंटे लोग जाम से जूझे। सुबह यातायात का दबाव बढ़ने पर पुल के मोड़ पर रास्ता संकरा होने से वाहन फंसने लगे। जल्दी निकलने की होड़ में वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकालने से जाम लग गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी बीच उन्नाव से कानपुर की ओर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, गनीमत रही कि उसमें सामान्य रोगी था। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर एंबुलेंस को रवाना किया। वहीं, शाम को भी एक घंटे जाम लगा रहा। उधर, सरैया आरओबी का निर्माण होने से मरहला चौराहे पर भी सुबह-जाम एक-एक घंटे जाम लगा रहा। नवीन गंगा पुल मोड़ पर सुबह करीब 10 बजे वाहनों को फंसने से जाम लगने लगा। जल्दी निकलने की होड़ में वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकालने से जाम की समस्या बढ़ गई। देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस बीच उन्नाव से कानपुर की ओर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस को निकलवाया। काफी मशक्कत के बाद 11 बजे यातायात सामान्य हो सका, तब लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, शाम सात से आठ बजे तक फिर से नवीन गंगा पुल पर वाहनों का एकदम से लोड बढ़ने से जाम लग गया। किसी तरह से पुलिस ने जाम खुलवाया। वहीं, सरैया आरओबी का निर्माण कार्य होने से मरहला चौराहे पर शाम छह से सात बजे के बीच जाम लगा रहा। ऐसे में राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। मरहला चौराहे पर सुबह 11 से 12 के बीच भी जाम लगा रहा।